अंबिकापुर | सरगुजा जिला मुख्यालय में रविवार को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) के आयोजन से दिनभर गहमागहमी बनी रही। दो पालियों में आयोजित इस परीक्षा में कुल 24013 परीक्षार्थी शामिल हुए। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से हुई, जिसमें प्राथमिक स्तर के लिए 24 केंद्रों पर 8,429 उम्मीदवार जुटे। वहीं, दूसरी पाली में मिडिल स्तर के लिए 49 केंद्रों पर 15,584 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। शाम 5:45 बजे परीक्षा समाप्त होते ही शहर की सड़कों पर जाम की समस्या सामने आई। रिंग रोड समेत शहर के भीतरी मार्गों पर कतारें लगने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। परीक्षार्थियों की भारी भीड़ के कारण घंटों जाम की स्थिति बनी रही, जिसे सामान्य करने में प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। देर शाम तक हालात सामान्य हो सके।


