शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर स्कूल को बदनाम करने का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर ‘avps_confession’ नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर आचार्य विध्यासागर पब्लिक स्कूल से जुड़ी आपत्तिजनक तस्वीरें और रील्स पोस्ट कीं, जिससे स्कूल की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। शिक्षकों की फोटो लगाकर की अभद्र टिप्पणी उप-प्राचार्य अमित कुमार बसक ने बताया कि इन पोस्ट्स में शिक्षकों और छात्रों के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। एक तस्वीर में उप-प्राचार्य अमित कुमार बसक और शिक्षक भारतेन्दु खरे की फोटो लगाकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी लिखी गई, जिससे शिक्षकों के सम्मान और स्कूल की प्रतिष्ठा पर असर पड़ा। दूसरा फर्जी अकाउंट बनाकर किए पोस्ट मामला यहीं नहीं रुका। अगले दिन ‘avps factcheck’ नाम से एक और फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया गया, जिससे फिर से आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए गए। अन्य शिक्षकों—विकास कौरव, रेनू तिवारी, आशुकेश मंडल, नितिन गुप्ता और यशोदा बाथम—ने भी इस तरह की सामग्री की जानकारी दी। घटना की जानकारी स्कूल के चेयरपर्सन शांति कुमार जैन को दी गई, जिनके निर्देश पर खनियाधाना थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फर्जी अकाउंट किसने बनाए और इसके पीछे क्या मंशा थी।


