धौलपुर जिले में रविवार सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता (विजिबिलिटी) 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई। कोहरे के साथ बढ़ी गलन ने आमजन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़कों पर वाहन धीमी गति से चलते दिखे, वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और राहगीरों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, जिले में ठंडी हवाएं लगभग 5 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही हैं, जिससे ठिठुरन और बढ़ गई है। सुबह के समय धूप न निकलने के कारण ठंड का असर और तीखा महसूस हुआ। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही भी सामान्य से कम रही। बारिश के साथ ओले गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग ने आगामी 24 से 48 घंटों के दौरान बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। इस चेतावनी से किसानों की चिंता बढ़ गई है, वहीं आमजन को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है। लगातार बदलते मौसम के कारण सर्दी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। पिछले कई दिनों से जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव का सहारा लेते नजर आ रहे हैं। विशेषकर बुजुर्गों और बच्चों पर ठंड का असर अधिक देखा जा रहा है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने, अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और गर्म कपड़ों का उपयोग करने की अपील की है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं और आने वाले दिनों में मौसम और बिगड़ सकता है।


