9 दिन बाद ‘डबल डिजिट’ में पहुंचा रात का तापमान:जैसलमेर में सर्दी की गलन से मिली राहत; खिली धूप ने बढ़ाया तापमान

स्वर्णनगरी में कड़ाके की सर्दी के दौर पर फिलहाल विराम लग गया है। करीब 9 दिनों के लंबे अंतराल के बाद न्यूनतम तापमान ने एक बार फिर ‘डबल डिजिट’ (दहाई का आंकड़ा) छू लिया है, जिससे आमजन को हाड़ कंपाने वाली ठंड से बड़ी राहत मिली है। रविवार को अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आगामी चार दिनों तक जैसलमेर जिले में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय न होने से फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं, जिससे दिन और रात का पारा सामान्य के आसपास ही बना रहेगा। दोपहर में हल्की गर्मी और रात को सामान्य सर्दी का दौर जारी रहेगा। सुबह घुली रही ठंडक, सूरज निकलने पर मिली राहत आज सोमवार, 2 फरवरी को सुबह के समय वातावरण में हल्की ठंडक घुली रही। सुबह की शुरुआत ओस और मंद ठंडी हवाओं के साथ हुई, जिससे हल्की ठिठुरन महसूस की गई। हालांकि, जैसे ही सूरज की पहली किरणें चमकीं, लोगों को ठंड से तुरंत राहत मिल गई। सुबह 10 बजे के बाद धूप के तीखेपन ने सर्दी के असर को काफी कम कर दिया है। चटख धूप के आगे सर्दी ने टेके घुटने रविवार सुबह से ही आसमान पूरी तरह साफ रहा और सूर्य देव के तेवर तीखे नजर आए। दिन भर खिली चटख धूप के कारण अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। दोपहर के समय आलम यह था कि बाजारों और पर्यटन स्थलों पर लोग बिना भारी गर्म कपड़ों के घूमते नजर आए। हालांकि, सूर्यास्त के बाद हल्की ठंडी हवाओं का अहसास अब भी बना हुआ है, लेकिन वह पहले की तरह गलन भरी और कष्टदायक नहीं है। पर्यटन स्थलों पर बढ़ी रौनक तापमान में सुधार होते ही जैसलमेर के पर्यटन स्थलों पर रौनक लौट आई है। सोनार किला, गड़ीसर सरोवर और सम व खुहड़ी के मखमली धोरों पर पर्यटक अब बिना भारी लबादों के मौसम का लुत्फ उठा रहे हैं। पिछले सप्ताह तक न्यूनतम तापमान 8 डिग्री के आसपास स्थिर था, जो अब उछलकर 11.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। आंकड़ों की नजर में मौसम: अधिकतम तापमान: 25.7°C (सामान्य से मात्र 0.2°C कम) न्यूनतम तापमान: 11.6°C (सामान्य से 0.3°C अधिक) आगामी 4 दिनों का पूर्वानुमान मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आगामी चार दिनों तक जैसलमेर जिले में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय न होने से फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं, जिससे दिन और रात का पारा सामान्य के आसपास ही बना रहेगा। दोपहर में हल्की गर्मी और रात को सामान्य सर्दी का दौर जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *