रायपुर के एक निजी स्कूल को राष्ट्रीय विद्यालय बैंड प्रतियोगिता 2025–26 में तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है। यह प्रतियोगिता भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय और स्कूली शिक्षा मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में नई दिल्ली में आयोजित की गई थी। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के 2100 से अधिक विद्यालयों में से चयनित केवल 16 श्रेष्ठ विद्यालयों की बैंड टीमों ने हिस्सा लिया। कड़े चयन और प्रतिस्पर्धा के बीच प्राइवेट स्कूल, रायपुर ने अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। कक्षा 6वीं और 7वीं के कैडेट्स ने दिखाया दम प्रतियोगिता में कक्षा 6वीं और 7वीं के कैडेट्स ने अनुशासन, तालमेल और संगीतात्मक कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान हासिल किया। राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले विद्यालय की बैंड टीम ने हैदराबाद में आयोजित ज़ोनल स्तर की प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर के लिए क्वालीफाई किया था। अनुशासन और समन्वय ने दिलाया सम्मान राष्ट्रीय स्तर पर अलग-अलग ज़ोन्स की श्रेष्ठ टीमों के साथ कड़ी प्रतिस्पर्धा के दौरान रायपुर के युवा कैडेट्स ने अनुशासन, सटीक कदमताल और सामूहिक सामंजस्य से निर्णायक मंडल और दर्शकों को प्रभावित किया। निर्णायकों और दर्शकों ने की जमकर सराहना प्रतियोगिता के दौरान बैंड दल की अनुशासित प्रस्तुति, सटीक वादन शैली और बेहतरीन तालमेल को देखते हुए निर्णायकों ने छात्रों की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने इसे भावी अनुशासित और प्रतिभाशाली युवाओं का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। मुख्य अतिथि ने छात्रों की मेहनत को सराहा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि छात्रों ने उच्च स्तर का कौशल, टीमवर्क और समर्पण प्रदर्शित किया है। उन्होंने यह भी कहा कि ये छात्र संगीत के साथ-साथ अनुशासन और प्रतिबद्धता की मिसाल हैं। संस्थापक ने जताई खुशी, दी भविष्य के लिए शुभकामनाएं विद्यालय के संस्थापक आचार्य सुरेंद्र प्रताप सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता छात्रों की कड़ी मेहनत, प्रशिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने छात्रों को भविष्य में भी इसी उत्साह और दृढ़ता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


