वर्ष 2012 से लंबित सफाई कर्मचारी भर्ती में 329 पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर आज सफाई कर्मचारी और वाल्मिकी समाज के लोग वन राज्य मंत्री संजय शर्मा के निवास पर पहुंचे। लंबे समय से लंबित इस भर्ती को लेकर समाज में नाराजगी बनी हुई थी। मंत्री संजय शर्मा ने मौके पर ही नगर निगम आयुक्त को बुलाकर सफाई कर्मचारी भर्ती से जुड़े पूरे मामले की जानकारी ली और अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। चर्चा के बाद मंत्री ने 14 दिन के भीतर सभी लंबित नियुक्तियों को पूरा करने का आश्वासन दिया। वाल्मिकी समाज के प्रतिनिधि नरेश लोहार ने बताया कि वर्ष 2012 की भर्ती प्रक्रिया में 329 सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति अब तक लंबित पड़ी है। इस मांग को लेकर समाज द्वारा कई बार प्रदर्शन और ज्ञापन दिए गए, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। आज मंत्री संजय शर्मा द्वारा दिए गए आश्वासन से समाज में उम्मीद जगी है। मंत्री के आश्वासन के बाद सफाई कर्मचारी और वाल्मिकी समाज के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोग मंत्री के समर्थन में नारे लगाते हुए खुशी-खुशी अपने घर लौटे। इस दौरान वन राज्य मंत्री संजय शर्मा के निवास पर कई अन्य लोग भी अपनी-अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनका मंत्री ने मौके पर ही निस्तारण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


