भास्कर न्यूज | कांकेर शहर के अलबेलापारा वार्ड में मकान निर्माण कराने एक व्यक्ति ने नाली को पाट दिया है। इससे गंदा पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। आसपास रहने वाले परिवारों को बदबू से परेशान होना पड़ रहा है। इसे लेकर वार्डवासियों ने नगर पालिका के साथ पार्षद से भी शिकायत की है। शहर के अलबेलापारा वार्ड के मुख्य मार्ग में नाली है। कमल सदन के सामने 6 माह पहले एक व्यक्ति ने अपनी जमीन पर मकान निर्माण कराने वाहनों के आवागमन के लिए नाली को पूरी तरह से पाट दिया है। नाली को फोड़ दूसरी ओर गंदा पानी निकासी की जा रही है। जहां गंदा पानी निकासी की जा रही है, वहां लोगों के घर हैं। आसपास रहने वालों की शिकायत है, कि उक्त स्थल में लगातार गंदा पानी की निकासी होने से डबरी में बन गई है। बदबू से आसपास के लोग परेशान हो रहे हैं। वार्डवासियों ने नगरपालिका अधिकारी के नाम से आवेदन सौंपते कहा समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो मजबूरी में आंदोलन करना पड़ेगा। वार्ड की जानकी यादव, पायल मंडावी, प्रमोद मांझी, पद्मा रजक, विश्वजीत हालदार ने कहा कि नाली को पाटने से समस्या बढ़ गई है। अलबेलापारा पार्षद उगेश्वरी उइके ने कहा कि निजी मकान निर्माण के लिए रास्ता बनाने नाली पाट दी गई है। नाली के गंदा पानी को डायवर्ट कर दिया गया है। इस संबंंध में सीएमओ के माध्यम से नोटिस भेजकर कार्रवाई कराई जाएगी।


