भास्कर न्यूज | कांकेर सुभाष वार्ड में वन विभाग कॉलोनी के क्वार्टर कंडम हो चुके हैं। इसे नए सिरे से बनाने ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सुभाष वार्ड पार्षद ने वन विभाग की जमीन नगर पालिका को आवंटित करने की मांग की है। नगर पालिका परिषद में प्रस्ताव पारित हो चुका है। यह अस्सी के दशक में बने हैं। कॉलोनी में 20 क्वार्टर हैं, जिसमें से 7 पूरी तरह कंडम हो चुके हैं। इनमें कोई नहीं रहता है। खपरैल वाले क्वार्टरों की दीवारें गिर चुकी है। बांस, बल्ली गिर रहे हैं। बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त हो चुकी है। खाली क्वार्टर में भालू कई बार छिपे रहते हैं। सांप-बिच्छुओं ने बसेरा बना लिया है। वार्ड पार्षद विकास अंभोरे ने वन विभाग की इस जमीन को नगर पालिका को देने मांग की है। पार्षद का कहना है वार्ड में नजूल भूमि नहीं है। जो थोड़ी नजूल भूमि थी, उसमें अतिक्रमण हो चुका। सुभाष वार्ड में इन सरकारी भवनों की आवश्यकता: सुभाष वार्ड में आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 1 सड़क किनारे किराए के भवन में लग रही है। भवन छोटा है और बाथरूम तक की सुविधा नहीं है। आंगनबाड़ी भवन के लिए 17 लाख रुपए एक साल पहले स्वीकृत हो चुके हैं, लेकिन निर्माण नहीं हो पा रहा है। उपस्वास्थ्य केंद्र भी खुलना है, लेकिन जगह की कमी के कारण उपस्वास्थ्य केंद्र नहीं खुल पा रहा है। राशन दुकान एक छोटे भवन में बाजार के अंदर संचालित हो रहा है। राशन दुकान भवन भी बनना जरूरी है। सामुदायिक भवन भी वार्ड में जगह की कमी के कारण नहीं बन पा रहा है। सुभाष वार्ड में नजूल भूमि ही नहीं: वार्ड पार्षद विकास सुभाष वार्ड पार्षद विकास अंभोरे ने कहा कि वार्ड में नजूल भूमि नहीं होने से आंगनबाड़ी, उपस्वास्थ्य केंद्र, राशन दुकान भवन सहित अन्य सरकारी भवन नहीं बन पा रहे हैं। वन विभाग को आवेदन देकर कंडम क्वार्टरों वाली जगह सरकारी भवनों के निर्माण के लिए देने मांग की गई है। नगरपालिका परिषद प्रस्ताव भी पारित हो चुका है।


