धार जिले के राजगढ़ स्थित मोहनखेड़ा जैन तीर्थ पर सोमवार को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। इस अवसर पर उनके प्रवचन का आयोजन होगा, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम के कारण राजगढ़ क्षेत्र में भारी भीड़ और यातायात दबाव की आशंका है। इसे देखते हुए क्षेत्र के कई शासकीय एवं निजी स्कूलों ने एहतियातन आज (सोमवार) अवकाश घोषित किया है। स्कूल प्रबंधकों ने बताया कि श्रद्धालुओं की अधिक संख्या और संभावित अव्यवस्था को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। डीईओ बोले- विभाग ने छुट्टी घोषित नहीं की
इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी केशव वर्मा ने स्पष्ट किया है कि जिले की ओर से किसी प्रकार का कोई अवकाश घोषित नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि स्कूलों में अवकाश का निर्णय शिक्षा विभाग या जिला प्रशासन का नहीं, बल्कि संबंधित स्कूल प्रबंधन द्वारा स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। कार्यक्रम के मद्देनजर प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को असुविधा से बचाना और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना है।


