टीकमगढ़ में एक पशुपालक ने मृत बछड़े का सिर काटकर गोशाला की दीवार पर टांग दिया। इसकी जानकारी लगते ही इलाके में तनाव फैल गया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इस क्रूरता के विरोध में चक्काजाम कर दिया। वे आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग कर रहे थे। मामला बैकुंठी मोहल्ले में सोमवार सुबह का है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ‘पशु क्रूरता निवारण अधिनियम’ के तहत FIR दर्ज कर ली है। पुलिस के मुताबिक, बैकुंठी मोहल्ले में रहने वाला सतेंद्र यादव दूध बेचने का काम करता है। कुछ दिन पहले उसकी गाय के बछड़े की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। बछड़े की मौत के बाद गाय ने दूध देना बंद कर दिया था। सतेंद्र ने सोमवार को बछड़े का सिर काट दिया। उसमें भूसा भर दिया, धड़ को फेंक दिया। इसके बाद सिर को गाय के सामने लटका दिया ताकि गाय को लगे कि उसका बच्चा वहीं है और वह दूध देने लगे। जब पड़ोसियों ने यह देखा, तो बजरंग दल को इसकी जानकारी दी।
कटा सिर चौराहे पर रखकर लगाया जाम
सोमवार सुबह बजरंग दल के सदस्य बड़ी संख्या में सतेंद्र के घर पहुंचे। घटना के खिलाफ विरोध जताया। बछड़े के कटे सिर को सड़क पर रखकर चकरा तिराहा पर जाम लगा दिया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ही जाम खुल सका। आरोपी पर केस दर्ज, गाय को भेजा गोशाला
कोतवाली थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह घोष ने कहा- आरोपी सतेंद्र यादव के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बजरंग दल की मांग पर गाय को सरकारी गोशाला भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।


