संत सेवालाल महाराज जयंती 15 फरवरी को:बुरहानपुर में निकलेगी 7 किमी लंबी बाइक रैली; बंजारा संस्कृति का प्रदर्शन होगा

बुरहानपुर में 15 फरवरी को संत शिरोमणि सेवालाल महाराज की 287वीं जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। गोर बंजारा सेवा समिति द्वारा आयोजित मुख्य कार्यक्रम खड़कोद स्थित संत सेवालाल महाराज देवस्थान पर होगा। जयंती की तैयारियों को लेकर रविवार को बाड़ाटांडा आश्रम में बंजारा समाज की जिला स्तरीय बैठक हुई। यह बैठक संत सरसपुरी महाराज और करणपुरी महाराज के सान्निध्य में आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि जयंती के अवसर पर खड़कोद के संत सेवालाल महाराज देवस्थान पर पूजा-पाठ, प्रसादी का भोग लगाकर ध्वजारोहण किया जाएगा। इस दौरान संतगण कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे। सुबह 8 बजे रेणुका माता मंदिर से एक भव्य शोभायात्रा और बाइक रैली निकाली जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे
यह रैली शनवारा सहित मुख्य मार्गों से होते हुए 7 किलोमीटर का सफर तय कर खड़कोद स्थित संत सेवालाल महाराज देवस्थान पहुंचेगी। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संत सरसपुरी महाराज ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हमें संत सेवालाल मंदिर निर्माण में सहभागिता का अवसर मिल रहा है। उन्होंने जिले के प्रत्येक युवा, वरिष्ठ और मातृ शक्ति से जयंती को धूमधाम से मनाने का आह्वान किया। संत करणपुरी महाराज ने भी हिंदू होने पर गर्व व्यक्त करते हुए महापुरुषों की जयंती भव्यता से मनाने की बात कही। प्रतिभावान बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा
गोर बंजारा सेवा समिति के जिलाध्यक्ष गजराज राठौड़ ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम और शोभायात्रा में 56 गांवों के समाजजन पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे। इनमें महिलाएं और युवा भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में होली और फाग के सांस्कृतिक प्रदर्शनों के माध्यम से बंजारा संस्कृति को दर्शाया जाएगा। समिति के जिला उपाध्यक्ष किशोर जाधव ने जानकारी दी कि कार्यक्रम में बंजारा समाज के प्रतिभावान बच्चों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। समिति के कैलाश पटेल ने संत सेवालाल महाराज को एक दूरदर्शी संत बताया, जिन्होंने भारत में हाशिए पर पड़े समुदायों को सशक्त बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने शिक्षा, सामाजिक सक्रियता और समानता को बढ़ावा देकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाए, और उनकी शिक्षाएं आज भी लाखों लोगों को प्रेरित करती हैं। इस दौरान भागवत पवार, विजय राठौड़, ईश्वर जाधव, रामा नायक,रवि जाधव, प्रकाश राठौड़, अशोक राठौड़, चंदन पवार, दिनेश राठौड़ सहित गोर बंजारा सेवा समिति के सदस्य और समाजजन मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *