उप्र के इन्फ्लुएंसर पर इंदौर में एफआईआर दर्ज:वीडियो में सांसद लालवानी को लेकर आपत्तिजनक शब्द कहे, शहर की छवि भी खराब की

इंदौर क्राइम ब्रांच ने उत्तरप्रदेश के एक इन्फ्लुएंसर के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल करने के मामले में एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई भागीरथपुरा कांड के बाद बनाए गए एक वीडियो को लेकर की गई है। जतिन मिश्रा के इंस्टाग्राम पर 17 हजार फॉलोअर्स हैं। उसके दो पेज चलते हैं। क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि उत्तरप्रदेश निवासी इन्फ्लुएंसर जतिन मिश्रा ने इंदौर के भागीरथपुरा में गंदे पानी के मामले को लेकर एक वीडियो बनाया था। इस वीडियो में उसने ग्वालियर और मंदसौर के साथ इंदौर का भी उल्लेख किया है। जतिन ने वीडियो में कहा कि इंदौर पहुंचा तो सांसद मिल गए, बोले जतिन अब आज और रुको कल चले जाना। हमने उनकी बात मान ली। जब सुबह आने लगा तो सांसद जी बोले जतिन जब चार दिन रुक ही गए हो, तो चार दिन और रुक जाओ। इंदौर की हवा, पानी और स्वच्छता देखो, उसके बाद जाना। हमने कहा सांसद जी आपके इंदौर का दूषित पानी पीने से 20 लोगों की मौत हो गई और आप चाहते हैं कि हम भी इंदौर में रहकर इंदौर का पानी पिएं और हमारे घर हमारी लाश वापस जाए। तो सांसद जी ने कहा क्या यार जतिन तुम उन ….. जैसे लोगों के मरने पर अफसोस कर रहे हो। हम तुम्हारे लिए बढ़िया मिनरल वॉटर का प्रबंध कर देंगे। हमने कहा सांसद जी हम रुक नहीं पाएंगे। तो सांसद जी ने कहा रुकना तो पड़ेगा। वरना दोबारा हमारे इंदौर की तरफ दिखाई मत पड़ना। हमने कहा कैसी बात कर रहे हैं सांसद जी। बगल में खड़ा सांसद का चम्चा बोला तू सांसद जी से जवान लड़ाएगा। जैसा सांसद जी कह रहे हैं वैसा करो। इसके बाद जतिन ने सांसद शंकर लालवानी को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। जतिन ने वीडियो में आगे कहा कि जिनके संसद क्षेत्र के लोग मर रहे हों और उन्हें संवेदना व्यक्त करने की तमीज न हो, ऐसे लोग जनप्रतिनिधि बनेंगे। जतिन ने यह वीडियो 11 जनवरी को पोस्ट किया है। सांसद के समर्थकों ने दर्ज कराई शिकायत इस मामले में सांसद प्रतिनिधि विशाल गिदवानी ने शनिवार को क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर क्राइम ब्रांच ने जतिन मिश्रा के खिलाफ आपत्तिजनक कंटेंट बनाने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। बताया जा रहा है कि जतिन मिश्रा के इंस्टाग्राम और फेसबुक पर लाखों फॉलोअर्स हैं। क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई को भागीरथपुरा कांड के बाद इंदौर को लेकर बनाए जा रहे भ्रामक और आपत्तिजनक वीडियो पर रोक लगाने की कार्रवाई के रूप में भी देखा जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। जतिन सांसद से कभी मिला ही नहीं सांसद प्रतिनिधि विशाल गिदवानी ने कहा कि कुछ दिन पहले हमें पता चला कि जतिन ने हमारे, इंदौर और जनप्रतिनिधियों के लिए गलत तरीके से वीडियो बनाया है। उसमें खराब शब्दों का प्रयोग किया गया है। इसलिए हमने क्राइम ब्रांच से शिकायत की थी। आज एफआईआर दर्ज की है। असत्य और असभ्य बोला गया। वो सांसद जी से कभी मिले ही नहीं। सस्ता प्रचार पाने के लिए ऐसा किया गया। पुलिस का कहना है एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक इस मामले में सांसद प्रतिनिधि द्वारा शिकायत की गई थी जिसमें क्राइम ब्रांच ने एफआईआर की है। मामले में जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *