सूरजपुर में स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए ‘कपी ध्वज मोटिवेशनल गाइडेंस कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। जिसमें महिला-बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े शामिल हुईं। साथ ही कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और शिक्षक शामिल हुए। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए शिक्षा सबसे जरूरी है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को प्रतिस्पर्धा के इस दौर में सही दिशा प्रदान करना था। आयोजकों का मानना है कि सही मार्गदर्शन के अभाव में कई होनहार बच्चे पीछे रह जाते हैं, जबकि वे कड़ी मेहनत करते हैं। आयोजकों ने इस प्रकार के आयोजन को बच्चों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उनका कहना था कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों को प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेने और जीवन में नए आयाम स्थापित करने में सहायता करते हैं। शिक्षा के साथ-साथ ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रमों की भी आवश्यकता है, जो छात्रों को सही दिशा देकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। अभिभावकों से बच्चों को सही मार्गदर्शन देने की अपील कार्यक्रम के दौरान छात्रों में प्रख्यात शिक्षक नितिन विजय को अपने बीच पाकर उत्साह देखा गया। उन्होंने बताया कि सूरजपुर के बच्चों में पढ़ाई के प्रति उनकी अपेक्षा से अधिक रुझान देखने को मिला है। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में पढ़ाई को सरल बनाना महत्वपूर्ण है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपने बच्चों के भविष्य को लेकर मार्गदर्शन करने का आग्रह किया। आगामी परीक्षाओं पर जोर देते हुए नितिन विजय ने कहा कि परीक्षा केवल एक प्रतिस्पर्धा है, इसे छात्रों की काबिलियत से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि हर छात्र अपने आप में खास होता है और सही दिशा मिलने पर वे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।


