राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने सोमवार को सर्किट हाउस, झालावाड़ में केंद्रीय बजट पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह बजट नारीशक्ति का सशक्त प्रतिबिंब है और विकसित भारत की मजबूत नींव रखता है। डॉ. बैरवा ने बताया कि यह बजट वर्तमान की आकांक्षाओं को साकार करने के साथ-साथ भारत के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखता है। यह 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में एक ठोस आधार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता संभालने के बाद देश आर्थिक रूप से 11वें स्थान से चौथे स्थान पर आ गया है और इसे तीसरे स्थान पर लाने के लिए कई सामाजिक कल्याणकारी योजनाएं लाई जा रही हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बजट ने महंगाई नियंत्रण तथा हाई कैपेक्स और हाई ग्रोथ के बीच संतुलन स्थापित किया है। यह भारत की वैश्विक भूमिका को और अधिक सुदृढ़ करने का प्रयास है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह बजट मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ को नई रफ्तार देने के लिए बायोफार्मा शक्ति मिशन, सेमीकंडक्टर मिशन 2.0, इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग, रेयर अर्थ कॉरिडोर, क्रिटिकल मिनरल्स, टेक्सटाइल सेक्टर और हाई-टेक टूल मैन्युफैक्चरिंग जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। डॉ. बैरवा ने यह भी बताया कि खेलो इंडिया और डेटा सेंटर हब के लिए टैक्स छूट जैसे प्रावधान युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर खोलेंगे। बैरवा ने कहा कि बजट में महिला सशक्तिकरण को विशेष प्राथमिकता देते हुए 10 करोड़ से अधिक महिलाओं से जुड़े सेल्फ हेल्प ग्रुप्स के लिए आधुनिक इकोसिस्टम विकसित करने पर बल दिया है। साथ ही हर जिले में छात्राओं के लिए नए हॉस्टल निर्माण से शिक्षा को और अधिक सुलभ बनाया जाएगा। कृषि, डेयरी, फिशरीज और पशुपालन को भी बजट में विशेष महत्व दिया है। नारियल, काजू, कोको और चंदन उत्पादक किसानों के लिए नए प्रावधान तथा भारत विस्तार एआई टूल के माध्यम से किसानों को उनकी भाषा में जानकारी उपलब्ध कराने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। डिप्टी सीएम बैरवा पहलीबार झालावाड़ पंहुचे थे।
डिप्टी सीएम का किया स्वागत
इस दौरान मनोहरथाना विधायक गोविंद रानीपुरिया, पूर्व विधायक निर्मल सकलेचा, पूर्व विधायक नरेंद्र नागर, आरपीएससी के पूर्व चेयरमैन श्याम सुंदर शर्मा, जिला प्रभारी छगन माहुर, जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा, नगर परिषद सभापति प्रदीप सिंह राजावत, जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार,प्रकाश वर्मा,इनाम जफर मौजूद रहे। इस दौरान विधायक गोविंद रानीपुरिया,ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।


