कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र अंतर्गत झारखंड–बिहार सीमा पर स्थित दर्शन नाला के समीप एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। झारखंड से मिट्टी डंप कर बिहार लौट रहा एक तेज रफ्तार हाईवा अचानक हादसे का कारण बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवा का डाला उठा हुआ था। जैसे ही वाहन बॉर्डर पर लगे लोहे के विशाल होर्डिंग के नीचे से गुजरा, उसके उठे हुए डाले ने होर्डिंग को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि होर्डिंग पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर गिर पड़ा। हाईवा के ठीक पीछे एक एंबुलेंस (BR 01 PN 7931) मरीज को लेकर सतगावां ढाव के रास्ते बिहार के महवरा की ओर जा रही थी। होर्डिंग गिरने के बाद एंबुलेंस भी उसकी चपेट में आ गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में एंबुलेंस चालक मनोज यादव (42 वर्ष) और प्रदीप कुमार घायल हो गए। एंबुलेंस में सवार प्रसव के बाद घर लौट रही महिला उर्मिला देवी, उनके साथ मौजूद परिजन संजू देवी और सीमा देवी भी घायल हो गईं। उर्मिला देवी प्रसव के बाद अपने परिजनों के साथ महवरा स्थित अपने घर लौट रही थीं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को मिला इलाज घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए सभी घायलों को बाहर निकाला और गोविंदपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल नवादा रेफर कर दिया गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सीमा क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित रहा। इधर, हादसे के बाद हाईवा (BR 27 G 7317) का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सतगावां और गोविंदपुर (बिहार) प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। सतगावां पुलिस ने हाईवा और क्षतिग्रस्त एंबुलेंस को जब्त कर थाना परिसर में लाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फरार चालक की तलाश में जुट गई है।


