मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया भाजपा कार्यालय का भूमिपूजन:दो करोड़ की लागत से बनेगा नया भवन, सीएम बोले-धान खरीदी की समीक्षा कर रहे हैं

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंबिकापुर में भाजपा के नए कार्यालय परिसर का भूमिपूजन किया। पंडितों के द्वारा शंखनाद एवं हनुमान चालीसा पाठ के बीच नए कार्यालय भवन की आधारशिला रखी गई। भाजपा का कार्यालय भवन दो करोड़ रुपये से अधिक लागत में तैयार होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि धान खरीदी ढाई माह चली। धान खरीदी की समीक्षा की जा रही है। कुछ जरूरत हुई तो रियायत दी जाएगी। भाजपा कार्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंहदेव, भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, राजेश अग्रवाल सहित विधायकगण एवं संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए। माता राजमोहनी देवी भवन के पीछे भाजपा कार्यालय के लिए 90 डिसमिल जमीन अलाट की गई है। इसमें 20 डिसमिल जमीन में हाईटेक भाजपा कार्यालय बनेगा एवं शेष परिसर पार्किंग व अन्य सुविधाओं के लिए उपयोग में लाई जाएंगी। मुख्यमंत्री बोले-आज का दिन ऐतिहासिक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है। भाजपा का कार्यालय पहले छोटे भवन में संचालित था, जहां पार्किंग की सुविधा नहीं थी एवं जगह कम थी। नया भवन बन जाने से यहां संगठन के विभिन्न आयोजनों को लिए जगह मिल जाएगी और बेहतर पार्किंग भी मिल सकेगी। धान खरीदी की कर रहे समीक्षा
मुख्यंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश में ढाई माह समर्थन मूल्य में धान की खरीदी की गई। करीब 140 लाख मीट्रिक टन धान किसानों से खरीदा गया है। धान खरीदी की समीक्षा कर रहे हैं। यदि जरूरत पड़ेगी तो धान खरीदी के लिए किसानों को कुछ रियायत दी जा सकती है। कांग्रेस मुद्दाविहीन हुई, बेबुनियाद आरोप
गरियाबंद में सांप्रदायिक हिंसा में सरकार का हाथ होने के कांग्रेस के आरोपों को लेकर सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेस चुनाव हार-हार कर मुद्दाविहीन हो गई है। सरकार पर कांग्रेस बेबुनियाद आरोप लगाती रहती है। प्रदेश में करप्शन हो या अपराध का मामला हो, सरकार जीरो टालरेंस की नीति पर काम कर रही है। ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में विधायक रामकुमार टोप्पो, प्रबोध मिंज, अनुराग सिंहदेव, महापौर मंजूषा भगत, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *