बेटी की नर्मदा परिक्रमा के साथ जुटे मंत्री प्रहलाद पटेल:अफसरों की बैठक में कहा-नर्मदा परिक्रमा पथ के आश्रय स्थलों पर पौधे लगाएं, सड़कें दुरुस्त कराएं

नर्मदा परिक्रमा कर रही बेटी को परिक्रमा मार्ग में आने वाली दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल अब परिक्रमा मार्ग की अव्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने में जुट गए हैं। बेटी को परिक्रमा पथ पर प्रोत्साहित करने के साथ मंत्री पटेल ने रास्ते में आने वाले दिक्कतों की जानकारी लेकर परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के मद्देनजर परिक्रमा पथ सही कराने के लिए अफसरों से कार्ययोजना मांगी है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने नर्मदा परिक्रमा पथ पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आश्रय स्थलों पर पौधरोपण करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि जहां सड़कें नहीं हैं, वहां कच्ची-पक्की सड़कें बनाने का काम किया जाए और पुल पुलिया भी बनवाने का काम किया जाए ताकि लोगों को परिक्रमा में दिक्कत नहीं हो। पटेल सोमवार को जीवनदायिनी मां नर्मदा के जल को निर्मल बनाए रखने, उनके प्रवाह को अविरल रखने और नर्मदा से जुड़े समग्र विकास कार्यों के संबंध में राज्य स्तरीय कार्यकारिणी समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में संचालक पंचायत राज छोटे सिंह, पीएम आवास योजना ग्रामीण दिनेश जैन, ग्रामीण आजीविका मिशन हर्षिका सिंह, एमडी मनरेगा अविप्रसाद एवं एमडी ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण दीपक आर्य उपस्थित थे। मंत्री पटेल ने अधिकारियों को परिक्रमा पथ पर प्रस्तावित पुल, पुलिया एवं ब्रिज के सर्वेक्षण कार्य शीघ्र पूर्ण कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में विधानसभा से संबंधित लंबित प्रकरणों की विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा की गई। मंत्री पटेल ने सभी लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के लिए कहा ताकि जनहित से जुड़े विषयों का शीघ्र समाधान हो सके। बैठक में मां नर्मदा के संरक्षण एवं विकास को जनभागीदारी से जोड़ने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया। बेटी प्रतिज्ञा का उत्साहवर्धन करने के साथ मिल रही परिक्रमा पथ की जानकारी मंत्री प्रहलाद पटेल की बेटी प्रतिज्ञा इस समय नर्मदा परिक्रमा कर रहीं हैं। मंत्री पटेल बेटी को परिक्रमा पथ पर प्रोत्साहित करने के लिए पहुंचते हैं। इसके साथ ही वे बेटी की परिक्रमा के दौरान परिक्रमा पथ में सामने आने वाली दिक्कतों की भी जानकारी लेते हैं। मंत्री ने कई बार परिक्रमा को लेकर एक्स पर ट्वीट भी किया है। कल भी उन्होंने ट्वीट कर लिखा था कि आज का पूरा दिन बेटी प्रतिज्ञा की परिक्रमा में प्राचीन तपस्वी स्थानों पर जाकर मानस पटल पर उतारने का था। डूब में आये चौबीस अवतार और सात माता जिन्हें मैंने तट पर देखा लेकिन आज वे नए स्थान पर हैं। वहीं श्री गंगेश्वर महादेव जहां मां नर्मदा पश्चिम से पूर्व बहकर गंगा बन जाती है, धारेश्वर महादेव 11वीं सदी का स्थान है, जहां मैंने सपत्नीक रात्रि विश्राम किया था। आशामाई का परमहंस आश्रम बेटी प्रतिज्ञा को दिखाया, जहां से 1994 में गुरु सेवा में मेरी परिक्रमा प्रारंभ हुई थी। खेड़ी घाट का धूना मेरी दूसरी परिक्रमा में प्रज्वलित हुआ था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *