अगले महीने प्रधानमंत्री जैसलमेर स्टेशन का करेंगे उद्घाटन:रेलमंत्री बोले- राजस्थान को इस बार 10 हजार करोड़ का बजट, यह कांग्रेस के समय से 15 गुना ज्यादा

रेल बजट 2026-27 को लेकर सोमवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राजस्थान से जुड़े कई बड़े रेल प्रोजेक्ट्स और बजटीय प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार राजस्थान को रेल बजट में 10 हजार करोड़ रुपए मिले हैं, जो कांग्रेस के समय मिलने वाले बजट से करीब 15 गुना ज्यादा है। वर्तमान में राजस्थान में कुल 56 हजार करोड़ रुपए के रेल प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है।
रेल मंत्री ने बताया कि राजस्थान में रेलवे इलेक्ट्रिफिकेशन का काम लगभग पूरा हो चुका है। कुछ ही ट्रैक बचे हैं, जिन पर काम जारी है। जैसे-जैसे इलेक्ट्रिफिकेशन पूरा होगा, वैसे-वैसे नए रेल प्रोजेक्ट्स और गाड़ियां भी शुरू की जाएंगी। उन्होंने बताया कि राजस्थान से कई नई गाड़ियां चालू की गई हैं, जिनमें कई पॉपुलर ट्रेनें भी शामिल हैं।
रेल मंत्री ने बताया कि जोधपुर और बीकानेर से वंदे भारत ट्रेन शुरू की जा चुकी है। इसके अलावा जैसलमेर से स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस भी चालू की गई है। जोधपुर और पाली से हैदराबाद, चेन्नई और पुणे के लिए भी ट्रेनें चलाई जा रही हैं। आने वाले समय में और नई गाड़ियों को चलाने की तैयारी की जा रही है।
एक महीने में पूरा होगा जैसलमेर स्टेशन का रिडेवलपमेंट
नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने बताया कि नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे के 5 स्टेशनों का उद्घाटन पहले ही हो चुका है। आने वाले कुछ महीनों में 10 और स्टेशनों का उद्घाटन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जैसलमेर रेलवे स्टेशन के रिडेवलपमेंट का काम अगले एक महीने में पूरा हो जाएगा, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री करेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि जयपुर रेलवे स्टेशन की सेकंड एंट्री का काम लगभग पूरा हो चुका है और इसे जल्द शुरू किया जाएगा। वहीं, गांधीनगर रेलवे स्टेशन के कॉनकोर्स का काम भी अंतिम चरण में है। बचे हुए काम अगले दो महीनों में पूरे हो जाएंगे, इसके बाद इसका भी उद्घाटन किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *