अवैध हथियार के साथ हरियाणा का शातिर ‘बाबा’ गिरफ्तार:पिलानी रोड पर घेराबंदी कर पकड़ा, लोडेड देशी कट्टा और 3 जिंदा कारतूस बरामद

मण्ड्रेला थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मण्ड्रेला-पिलानी रोड पर घेराबंदी करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल उर्फ बाबा (19) निवासी चरखी दादरी, हरियाणा के रूप में हुई है। मण्ड्रेला थानाधिकारी कैलाशचन्द के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक काली पैंट और सफेद शर्ट पहने हुए अवैध हथियार के साथ पैदल पिलानी की ओर जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की और निर्माणाधीन होटल के पास संदिग्ध को रुकने का इशारा किया। पैंट के बेल्ट में छिपा रखा था लोडेड कट्टा पुलिस को देखकर युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे चारों तरफ से घेर लिया। जब युवक की तलाशी ली गई, तो उसके होश उड़ गए। आरोपी की पैंट के बेल्ट में बाईं ओर एक देशी कट्टा लगा हुआ था। जांच करने पर कट्टा लोडेड मिला, जिसमें एक कारतूस फंसा हुआ था। इसके अलावा उसकी जेब से दो अन्य जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपी राहुल वर्तमान में पिलानी के राजपुरा मोहल्ले में रह रहा था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह हथियार कहां से लाया था और उसका इरादा किसी बड़ी वारदात को अंजाम देना तो नहीं था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *