नारायणपुर में 31 जनवरी को आयोजित अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन में कोंडागांव जिले की युवतियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोंडागांव से निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रही इन धाविकाओं ने प्रतियोगिता में मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया। यह मैराथन का पांचवां सीजन था, जिसमें देशभर से 7000 से अधिक धावकों ने 21 किलोमीटर की दौड़ में भाग लिया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जागेश्वरी कोर्राम ने छठवां स्थान, अनीता ने दसवां स्थान और संतों ने ग्यारहवां स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। धाविकाओं का हुआ भव्य स्वागत मेडल जीतकर जब ये तीनों प्रतिभाशाली धाविकाएं कोंडागांव के विकास नगर स्टेडियम पहुंची, तो अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के पदाधिकारियों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी गई। जागेश्वरी कोर्राम, अनीता और संतों ने अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव को दिया। उन्होंने बताया कि परिषद के पूर्व सैनिकों द्वारा प्रतिदिन दिए जाने वाले अनुशासित दौड़ प्रशिक्षण, कठोर अभ्यास, सही मार्गदर्शन और प्रेरणा के कारण ही वे इस मुकाम तक पहुंच सकी। कार्यक्रम में परिषद के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, जिला अध्यक्ष सूरज यादव, उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती, सदस्य श्रीकांत तिवारी, राकेश धीवर, चंद्रहास वर्मा सहित निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण ले रहे युवक-युवतियां बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन में कोंडागांव की इन बेटियों की यह सफलता न केवल जिले के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह भी साबित करती है कि सही प्रशिक्षण और दृढ़ संकल्प से ग्रामीण अंचलों की युवतियां भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।


