बिलासपुर में नायब तहसीलदार पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश:अवैध रेत खनन रोकने गए थे, ट्रैक्टर खाली कर भागा ड्राइवर, पुलिस ने नहीं लिखी FIR

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अवैध रेत उत्खनन रोकने गए नायब तहसीलदार पर ड्राइवर ने ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की। हालांकि, इस दौरान वो बाल-बाल बच गए। लेकिन, ड्राइवर रेत खाली कर वहां से ट्रैक्टर लेकर भाग निकला। उन्होंने इस मामले की शिकायत पुलिस से की है। जिस पर पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धारा के तहत कार्रवाई की है। मामले में न तो ट्रैक्टर और रेत को जब्त किया गया और न ही एफआईआर दर्ज की गई। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है। दरअसल, जिले के रतनपुर इलाके में लगातार अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें मिल रही थी। बताया गया कि, नदी के आसपास बड़े पैमाने पर रेत का अवैध उत्खनन चल रहा है। इस पर नायब राहुल साहू ने ग्राम गढ़वट, सरवनदेवरी और खैरखुंडी में अवैध उत्खनन होने पर लोगों को जानकारी देने कहा। रविवार को पता चला कि, गढ़वट में ट्रैक्टर से रेत का परिवहन किया जा रहा है। खबर मिलते ही नायब तहसीलदार राहुल साहू मौके पर पहुंच गए। भाग रहे ड्राइवर ने ट्रैक्टर चढ़ाने किया प्रयास इस दौरान उन्होंने रेत से भरे ट्रैक्टर को रोका तो खैरखुंडी निवासी ड्राइवर रितुराज सिंह आधी रेत को नदी में ही खाली कर दिया। जिसके बाद ट्रैक्टर लेकर भागने लगा। इस दौरान नायब तहसीदार ने रोकने के लिए कहा तो ड्राइवर ने उनके पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। उन्होंने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई। वहीं, ट्रैक्टर लेकर ड्राइवर तेजी से बस्ती की ओर भाग निकला। नायब तहसीलदार ने की शिकायत, ड्राइवर गिरफ्तार नायब तहसीलदार साहू ने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उनकी शिकायत पर पुलिस आरोपी चालक को पकड़कर थाने ले आई। उसके खिलाफ पुलिस ने बीएनएस की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। उसे बेलतरा के तहसीलदार की कोर्ट में पेश किया। यहां उसे जमानत मिल गई। लेकिन, पुलिस ने उनकी शिकायत पर न तो ट्रैक्टर और रेत की जब्ती बनाई और न ही एफआईआर दर्ज की। टीआई बोले- नायब तहसीदार के ​आवेदन पर ड्राइवर गिरफ्तार रतनपुर टीआई निलेश पांडेय ने बताया कि, नायब तहसीलदार ने इस मामले की शिकायत की थी। जिस पर उनके आवेदन के आधार पर ड्राइवर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है। वहीं, इस मामले में नायब तहसीलदार राहुल साहू से भी बातचीत का प्रयास किया गया पर उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन, एक दिन पहले की थी कार्रवाई सरवनदेवरी, गढ़वट और आसपास के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रेत का अवैध उत्खनन चल रहा है। इसमें खनिज विभाग के अफसरों की भूमिका संदिग्ध है। पिछले 31 जनवरी को पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम सरवनदेवरी और गढ़वट क्षेत्र में जांच के लिए पहुंची। जहां खारंग नदी क्षेत्र से बिना किसी वैध अनुमति के खनिज रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन किया जा रहा था। संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन करते हुए 4 ट्रैक्टर को अवैध रेत परिवहन करते पकड़ा था। इन वाहन चालकों के पास कोई रॉयल्टी पर्ची नहीं था। सभी बिना वैध दस्तावेजों के रेत का परिवहन कर रहे थे। जिस पर टीम ने चार ट्रैक्टर को जब्त किया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *