लुधियाना के डाबा इलाके में सोमवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां स्थित सरकारी फ्लैटों की चौथी मंजिल से गिरकर एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान काकू के रूप में हुई है। मां बोली- कपड़े उतारने गया था बेटा,फिर आई चीखने की आवाज मृतक की मां राजेश्वरी ने बताया कि शाम का वक्त था। काकू छत पर सूखे हुए कपड़े उतारने के लिए गया था। परिवार के बाकी सदस्य नीचे अपना काम कर रहे थे। तभी अचानक जोर से कुछ गिरने की आवाज आई। जब परिजन बदहवास होकर बाहर भागे तो देखा कि काकू लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा था। उसे तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया लेकिन सिर और शरीर पर गंभीर चोटें होने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पत्नी का बयान: काम से लौटे तब गुस्से में थे हादसे के वक्त घर में मौजूद काकू की पत्नी ज्योति का रो-रोकर बुरा हाल है। उसने बताया कि उनकी शादी को अभी महज 8 महीने ही हुए थे। पत्नी के अनुसार आज जब वह काम से घर लौटे तो काफी गुस्से में लग रहे थे। इसके बाद वह चौथी मंजिल पर कपड़े लेने चले गए। मैं नीचे कमरे में ही थी कि तभी बाहर शोर मचा कि काकू नीचे गिर गया है। पुलिस कार्रवाई: धारा 174 के तहत मामला दर्ज। जानकारी देते SHO थाना डाबा ने कहा जानकारी मिली है कि युवक की चौथी मंजिल से गिरने के कारण मौत हुई है। परिजनों का कहना है कि पैर फिसलने की वजह से यह हादसा हुआ। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर परिजनों के बयानों के आधार पर धारा 174 की कार्रवाई की जा रही है। लेकिन डाबा पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। हालांकि प्राथमिक तौर पर इसे एक दुर्घटना माना जा रहा है लेकिन पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या गुस्से की वजह से संतुलन बिगड़ा या कोई अन्य कारण था।


