दोस्त ही निकला लूट का मास्टरमाइंड, गिरफ्तार:सुनसान रास्ते पर मारपीट कर सोने के आभूषण और 50 हजार छीने; गाडी की रेकी कर साजिश रची थी

मुंडावर थाना क्षेत्र के मुडनवाड़ा कला गांव के सुनसान रास्ते पर हुई लूटपाट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। चौंकाने वाली बात यह है कि लूट का मास्टरमाइंड पीड़ित का ही दोस्त निकला। थानाधिकारी रामनिवास मीणा ने बताया कि भिवानी (हरियाणा) निवासी रोहित पुत्र सज्जन सिंह ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रोहित अपने दोस्त सचिन पुत्र बलजेंद्र सिंह (शहजादपुर) और डिक्कू उर्फ राजा पुत्र प्रमेन्द्र (जसाई) के साथ ब्लैक फॉर्च्यूनर गाड़ी से भिवानी से शहजादपुर जा रहे थे। जाट बहरोड़–शहजादपुर मार्ग पर एक नीले रंग की फ्रोंक्स कार, जिसकी नंबर प्लेट ढकी हुई थी, उनकी गाड़ी के आगे चल रही थी। इस कार ने अचानक रास्ता रोक लिया। इसके बाद आसपास छिपे 4-5 हथियारबंद बदमाश बाहर निकले और फॉर्च्यूनर पर हमला कर दिया। हमले के दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर खेत में उतर गई। बदमाशों ने हथियार दिखाकर रोहित की तीन सोने की अंगूठियां, एक सोने का कड़ा, एक सोने की चेन, सचिन की सोने की चेन, तीनों के मोबाइल फोन, 50 हजार रुपये नकद और गाड़ी में रखा काला बैग (दस्तावेज व चेकबुक सहित) लूट लिया। विरोध करने पर रोहित के साथ मारपीट की गई और बदमाश गाड़ी के शीशे तोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात का मास्टरमाइंड डिक्कू उर्फ राजा पुत्र प्रमेन्द्र चौधरी (22) निवासी जसाई, थाना मुंडावर है। वह पीड़ित रोहित का दोस्त ही निकला। डिक्कू ने ही गाड़ी की रेकी कर लूट की पूरी साजिश रची और वारदात को अंजाम दिलाया। पुलिस ने आरोपी डिक्कू उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, वारदात में शामिल राकेश निवासी बूढ़वाल और आशीष उर्फ आशी जाट निवासी प्राणपुरा (हरियाणा) सहित अन्य आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *