कुरज के खेल मैदान में पशुपालन विभाग की ओर से आयोजित पांच दिवसीय समेलिया महादेव पशु मेले में रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। भजनों, देशभक्ति गीतों और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात तक आकर्षित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम मेला मंच गायक कलाकार जितेंद्र राव और पार्टी ने देशभक्ति गीत व भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं नृत्यांगना ज्योति शर्मा (जयपुर) और प्रांजल शर्मा (उदयपुर) ने विविध लोक और शास्त्रीय नृत्यों से दर्शकों का मन मोहा। इस अवसर पर पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. शक्ति सिंह, डॉ. पुरुषोत्तम पतकी, डॉ. जगदीश जीनगर, डॉ. टीपू सुल्तान और डॉ. नानालाल रैगर ने कलाकारों को ऊपरना व मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कुरज के पूर्व सरपंच अनिल कुमार चौधरी, कमलेश राजोरा, गिरिराज खटीक, प्रवीण वीरवाल, पीयूष सोनी, साहिल रंगरेज, कालूराम खटीक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। पांच दिवसीय पशु मेले में जवासिया निवासी भेरूलाल जाट की जाफरा नस्ल की भैंस आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी रही। पशुपालक भेरूलाल के अनुसार लगभग 8 वर्ष आयु की भैंस प्रतिदिन करीब 25 लीटर दूध देती है। इस भैंस को देखने के लिए बड़ी संख्या में मेलार्थी पहुंचे। पशुपालन विभाग राजसमंद की ओर से आयोजित इस मेले में 3 फरवरी की रात्रि को लोकनृत्य कलाकार किशन सिंह द्वारा विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।


