कोरिया जिले का गौरव कहे जाने वाले प्रमुख पर्यटन केंद्र झुमका डैम में रविवार की रात असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। उपद्रवियों ने न केवल हाउस बोट में तोड़फोड़ की, बल्कि पार्क की सुरक्षा रेलिंग को भी उखाड़ फेंका। इस घटना के बाद से स्थानीय पर्यटन व्यवसाय से जुड़े कर्मचारियों में दहशत है, वहीं प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। रविवार रात करीब 12 बजे के बाद उपद्रवियों का एक समूह हाउस बोट और पार्क क्षेत्र में दाखिल हुआ। उन्होंने हाउस बोट में रखी कई कुर्सियों को तोड़ दिया। पार्क की सुरक्षा के लिए लगाई गई लगभग 50 फीट लंबी स्टील की रेलिंग को उखाड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। पर्यटन स्थल की सुंदरता और संरचना को नुकसान पहुंचाया। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि रात के समय यहां पुलिस पेट्रोलिंग शून्य के बराबर रहती है। इसी का फायदा उठाकर शराबी और असामाजिक तत्व यहां जमा होते हैं। देर रात यहां खुलेआम शराब पी जाती है और कांच की बोतलें डैम किनारे फोड़ दी जाती हैं। तोड़फोड़ की जानकारी नहीं मिली: थाना प्रभारी ^सिटी कोतवाली प्रभारी विपिन लकड़ा ने बताया कि झुमका डैम के हाउस बोट में तोड़फोड़ की जानकारी मुझे नहीं मिली। लेकिन शराबियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए अब नियमित पेट्रोलिंग कराने के लिए ही देर रात में शराबियों की धर पकड़ की जाएगी। फिलहाल, आसपास लगे सीसी कैमरों से आरोपियों की पहचान की जाएगी।


