भास्कर न्यूज | जामताड़ा जामताड़ा के जेबीसी प्लस टू जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य एबीमाइल टुडू ने दीप प्रज्वलित कर किया। रक्तदान शिविर में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक दायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा रक्त संग्रह की प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया। इस अवसर पर प्राचार्य एबीमाइल टुडू ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन का भी माध्यम है। उन्होंने “रक्तदान महादान” बताते हुए युवाओं से आगे आकर रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों में सेवा भावना, सामाजिक जागरूकता और जिम्मेदारी का विकास होता है। विद्यालय परिवार ने शिविर को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। रक्तदान शिविर के माध्यम से विद्यालय ने यह संदेश दिया कि शिक्षा के साथ-साथ मानवता और सामाजिक संवेदनशीलता भी अत्यंत आवश्यक है।


