नोवामुंडी | नोवामुंडी प्रखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए एचएमआईएस और आरसीएच पोर्टल की समीक्षा और प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सोमवार सुबह प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. हरिपद हेंब्रम की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम में बीपीएम सत्यजीत पात्रो और बीडीएम हमजा तोहिद ने एएनएम और सीएचओ को पोर्टल के सही उपयोग की जानकारी दी। उन्हें डाटा एंट्री की सही प्रक्रिया, रिपोर्ट बनाने और समय पर जानकारी अपलोड करने के बारे में समझाया गया। साथ ही पोर्टल के व्यावहारिक इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया, ताकि फील्ड में काम करने में आसानी हो।प्रशिक्षण के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी की और अपनी समस्याओं व सवालों का समाधान पाया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग रहा। सरायकेला | छऊ आर्टिस्ट एसोसिएशन द्वारा सरायकेला गोपबंधु चौक निवासी प्रख्यात साहित्यकार सह कलाकार स्वर्गीय गोपबंधु आचार्य की स्मृति में एक शोक सभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जेल रोड स्थित एसोसिएशन के कार्यालय में संपन्न हुआ। शोक सभा की शुरुआत दिवंगत गोपबंधु आचार्य के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई, जिसमें उपस्थित सभी कलाकारों ने उन्हें नमन किया। इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष भोला महंती ने साहित्य के क्षेत्र में गोपबंधु आचार्य के योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गोपबंधु आचार्य द्वारा रचित कई नाटकों का मंचन आज से लगभग चालीस वर्ष पूर्व सरायकेला में हुआ था, जो उस समय साहित्य और रंगमंच के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि थी। एसोसिएशन के संरक्षक मनोज चौधरी ने कहा कि इतने छोटे कस्बे सरायकेला में ऐसे उच्च कोटि के विद्वान और प्रज्ञावान व्यक्तित्व का जन्म होना हम सभी के लिए गर्व की बात है। वहीं सुशील आचार्य ने अंग्रेजी भाषा पर गोपबंधु आचार्य की अद्भुत पकड़ का उल्लेख करते हुए उनके बहुआयामी व्यक्तित्व को याद किया। शोक सभा के दौरान उपस्थित सभी कलाकारों ने अपने-अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के अंत में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर गुरु ब्रिजेन्द्र पटनायक, राकेश कबी सहित कई कलाकार उपस्थित थे। सरायकेला | गायत्री शिक्षा निकेतन सभागार में सोमवार को यादव समन्वय समिति कोल्हान की बैठक समिति के अध्यक्ष राजकिशोर यादव की अध्यक्षता में हुई। इसमें नगर निगम चुनाव के मद्देनजर लागू आदर्श आचार संहिता की स्थिति में 8 फरवरी को होनेवाला पारिवारिक मिलन समारोह सह वनभोज कार्यक्रम स्थगित करने का निर्णय लिया गया। अध्यक्ष राजकिशोर यादव ने बताया कि सभी पहलुओं पर विचार के उपरांत सर्वसम्मति से प्रशासनिक स्तर पर संभावित कठिनाइयों को देख नगर निगम चुनाव संपन्न होने के बाद नई तिथि निर्धारित कर आयोजन कर वनभोज आयोजित करने का निर्णय लिया गया। मौके पर श्रीराम यादव, एसएन यादव, जनार्दन कुमार, विमलेंदु राय, कमलेश यादव आदि मौजूद थे।


