भास्कर न्यूज | राजिम 16वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय पैरा एथलेटिक्स खेल प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य आयोजन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मैदान, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, जोरा (रायपुर) में किया गया। पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में हुए इस तीन दिवसीय आयोजन में प्रदेशभर से आए दिव्यांग खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों का वर्गीकरण कर चेस्ट नंबर के साथ पंजीयन किया गया। दूसरे दिन ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाएं शुरू हुईं। इस दौरान सक्षम दिव्यांग आवासीय विद्यालय, राजिम (जिला गरियाबंद) के दृष्टिबाधित बालक-बालिकाओं ने संस्था प्रमुख आरजी सिन्हा के मार्गदर्शन में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अनेक पदक अपने नाम किए। विद्यालय की छात्रा हरिता विश्वकर्मा ने 100 मीटर और 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण तथा 200 मीटर में रजत पदक जीता। नंदिनी शर्मा ने 200 मीटर में स्वर्ण, 100 मीटर में रजत और गोला फेंक में स्वर्ण पदक हासिल किया। गुलशन कुमार निषाद ने गोला फेंक में स्वर्ण और 100 मीटर में रजत पदक जीता। धनराज ध्रुव को गोला फेंक में कांस्य, नीलम टंडन को 100 मीटर में रजत, केन्जल साहू को तवा फेंक में रजत पदक मिला। वहीं भीष्म नारायण ने 100 मीटर में स्वर्ण और 200 मीटर में रजत पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। श्याम शर्मा ने भी खेलों में सराहनीय प्रदर्शन किया। तीसरे दिन आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा ने आयोजन के लिए आकाश तिवारी का आभार व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करने और अपनी प्रतिभा से देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “हौसला बुलंद हो तो जीवन की कोई भी कमी आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती। जुनून और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है। समारोह में अतिथियों, संस्था प्रमुख, कोच वाशिम खान एवं मेहनत काशी के करकमलों से विजेता प्रतिभागियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का समापन पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के सचिव डीगेश टंडन ने किया। उन्होंने अतिथियों, कोच और अधिकारियों को सम्मानित कर सभी का आभार जताया।


