जामताड़ा | नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के सफल एवं पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा मिहिजाम नगर परिषद (वर्ग ख) एवं जामताड़ा नगर पंचायत के लिए व्यय प्रेक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। दोनों व्यय प्रेक्षक जामताड़ा पहुंच चुके हैं और निर्वाचन व्यय की निगरानी का कार्य प्रारंभ कर दिया है। मिहिजाम नगर परिषद (वर्ग ख) के लिए व्यय प्रेक्षक के रूप में श्री राजेश कुमार यादव को नियुक्त किया गया है। वे परिसदन, जामताड़ा के सभाकक्ष में प्रतिदिन पूर्वाह्न 10:00 बजे से 11:00 बजे तक उपलब्ध रहेंगे। वहीं जामताड़ा नगर पंचायत के लिए व्यय प्रेक्षक के रूप में श्री शिव शंकर सिंह मुंडा की तैनाती की गई है, जो उसी समयावधि में परिसदन, जामताड़ा के सभाकक्ष में आम नागरिकों एवं निर्वाचन से जुड़े व्यक्तियों से मिलेंगे। जिला जनसंपर्क कार्यालय, जामताड़ा ने जानकारी दी है कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध व्यय अथवा आचार संहिता उल्लंघन से संबंधित शिकायतें संबंधित व्यय प्रेक्षकों के समक्ष प्रस्तुत की जा सकती हैं। इससे निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने में मदद मिलेगी।


