अमृतसर |श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने 328 पावन स्वरूप मामले की जांच पूरी होने तक सभी पक्षों से आरोप-प्रत्यारोप और बयानबाजी न करने की हिदायत दी है। जत्थेदार ने कहा कि पहले दिए निर्देशों के बावजूद कुछ संबंधित पक्ष इस मामले में निरंतर बयानबाजी कर रहे हैं। यह श्री अकाल तख्त साहिब के निर्देशों की भावना का सम्मान नहीं बल्कि अपमान है। उन्होंने कहा कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती और सच्चाई सामने नहीं आ जाती तब तक कोई पक्ष बयानबाजी न करें। पंजाब पुलिस की एसआईटी या संबंधित पक्षों के वकीलों को इस मामले पर कोई प्रेस कॉन्फ्रेंस करने या किसी भी तरह की राजनीति करने या तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने या अपने स्तर पर फैसले देने का अधिकार नहीं है। जत्थेदार ने सभी पक्षों को हिदायत दी कि जांच पूरी होने तक इस मामले में पूरी तरह से संयम और शब्दों का सम्मान बनाए रखें।


