भास्कर न्यूज | अमृतसर माता लाल देवी जी के जन्म दिवस पर मंदिर कमेटी द्वारा लगातार धार्मिक समारोह कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी के तहत सुबह जैसे ही मंदिर खुला तो पुजारियों ने माता रानी लाल भवानी जी की आरती उतारी। इसके बाद उन्होंने भोग लगाकर प्रसाद बांटा। इसके बाद माता जी के सेवकों ने मिलकर भजन कीर्तन किया और दोपहर को कमेटी ने भंडारा लगाया। जबकि शाम 7 बजे से रात तक जालंधर से आई भजन गायिका कंचन बाला ने माता रानी का गुणगान किया। उन्होंने जैसे ही ‘मैया जी असीं नौक्कर तेरे’ भजन गाया तो मंदिर परिसर में बैठी संगत नाचने लगी। इसके बाद उन्होंने कई भजन गाए जिसे सुनकर भक्तजन सराबोर हो उठे। संकीर्तन के बाद मंदिर कमेटी की ओर से भजन गायिका कंचन को लाल चुनरी माता जी के आशीर्वाद के रूप में देकर सम्मानित किया। इस मौके पर माता जी के कई सेवक मौजूद रहे। इस मौके पर मंदिर कमेटी की ओर से उन्हें माता की चुनरी देकर सम्मानित किया है।


