CM साय के लिए क्रेन से आई माला:रायपुर रोड शो में बुलडोजर से बरसाए गए फूल, विष्णुदेव बोले- चुनाव में भाजपा की जीत तय

रायपुर में शनिवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर में रोड शो किया। उन्होंने भाजपा की महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे के लिए वोट अपील भी की। भनपुरी से शुरू हुई मुख्यमंत्री की यह यात्रा तेलीबांधा जाकर समाप्त हुई। लगभग पूरा शहर घूमते हुए मुख्यमंत्री, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और भाजपा के तमाम नेता रैली की शक्ल में आगे बढ़ रहे थे। इस बीच मुख्यमंत्री का स्वागत करने के लिए क्रेन से बड़ी सी माला लाई गई और बुलडोजर पर चढ़कर युवक रैली पर फूल बरसा रहे थे। जन आशीर्वाद यात्रा रैली के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया। उन्होंने कहा- हमने बनाया है हम ही संवारेंगे और रायपुर नगर निगम को लेकर भी हमारा लक्ष्य है, देश की सर्वश्रेष्ठ नगर निगम में शुमार करना है। आप रायपुर नगर निगम में भाजपा प्रत्याशी मीनल चौबे और भाजपा पार्षदों को जीत का आशीर्वाद दीजिए और रायपुर नगर निगम के सर्वांगीण विकास की जिम्मेदारी हमारे कंधों पर छोड़िए। हम रायपुर निगम को नए सिरे से संवारेंगे और जन सुविधाओं को तरस रही रायपुर निगम की जनता को उत्कृष्ट सुविधाएं मुहैया करवाना हमारी प्राथमिकता है । रायपुर के निगम चुनाव में दिल्ली का भी जिक्र
रायपुर के सांसद और नगर निगम रायपुर चुनाव संचालक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा- भाजपा के प्रत्याशी जनता की पहली पसंद बन चुके हैं। उसका प्रत्यक्ष प्रमाण दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे हैं, जहां दिल्ली की जनता ने सभी दलों को नकारते हुए भाजपा को पूर्ण बहुमत प्रदान किया और यह भरोसा हमने अर्जित किया है। रायपुर में और छत्तीसगढ़ में भी भाजपा जीतेगी। माहौल भाजपा के पक्ष में
जन आशीर्वाद रैली के दौरान जनता से आशीर्वाद मांगने निकले भाजपा नेताओं में कैबिनेट मंत्री और निगम चुनाव प्रभारी मंत्री राम विचार नेताम भी शामिल थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि चप्पा-चप्पा भाजपा है और रायपुर नगर निगम का पूरा माहौल भाजपा मय है। हम ऐतिहासिक जीत की ओर अग्रसर हैं। इस बार नगर निगम में बहुमत के साथ भाजपा बैठेगी । विश्वास दोनों तरफ- मूणत
रायपुर पश्चिम विधायक और चुनाव सहसंचालक राजेश मूणत ने कहा, विश्वास दोनों तरफ है, जनता साथ देगी हमें विश्वास है और हम काम करके दिखाएंगे जनता को विश्वास है। इसी विश्वास के साथ जनता ने विधानसभा चुनाव, लोकसभा चुनाव और उपचुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाया। और उनका यही विश्वास नगर निगम चुनाव में भी भाजपा के साथ रहेगा। हमारी लड़ाई भ्रष्टाचार के खिलाफ- मीनल चौबे
रैली के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए मीनल चौबे ने कहा कि हमारी लड़ाई सिर्फ जीत हार तक सीमित नहीं, हम जनता के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। जिसमें नगर निगम रायपुर में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का निवारण करना हमारी प्राथमिकताओं में है। दोषियों की जांच भी की जाएगी और जनता को उनका हक सुविधाओं के माध्यम से दिलाना हमारी प्राथमिकता है ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *