दहेज प्रताड़ना केस में पति, सास और ननद गिरफ्तार:जशपुर पुलिस ने रांची से तीनों को दबोचा, शादी के बाद ही दहेज के लिए करने लगे प्रताड़ित

छत्तीसगढ़ के जशपुर में दहेज प्रताड़ना मामले में पुलिस ने पीड़िता के पति, सास समेत ननद को रांची से गिरफ्तार किया है। यह मामला 2017 का है, जब आशीष मिश्रा और जशपुर की एक युवती के बीच शादी की बात चली थी। विवाह 2019 में हुआ, जिसके बाद आरोपी पति और उसके परिवार ने दहेज की मांग को लेकर पीड़िता को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर सिटी कोतवाली जशपुर में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान आरोप सही पाए गए, और आरोपियों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। आरोपियों के कोर्ट में पेश न होने पर उनके खिलाफ स्थाई वारंट जारी किए गए थे। पति, सास और ननद हुए गिरफ्तार एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने रांची से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में आशीष मिश्रा (36), उनकी मां कल्याणी मिश्रा (66), और बहन अनामिका मिश्रा (34) शामिल हैं। कोर्ट ने इन तीनों को धारा 498(ए), 294, 323, 34 और दहेज प्रताड़ना अधिनियम के तहत जेल भेजने के आदेश दिए हैं। पुलिस ने बताया कि इस वर्ष अब तक 18 स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, और आने वाले समय में और गिरफ्तारियां की जाएंगी। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत, पिछले एक सप्ताह में कुल 8 स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले के थानों में लंबित स्थाई वारंटों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम बनाई गई है। इस टीम को लगातार टास्क सौंपे गए हैं, और पुलिस की कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा स्थाई वारंटों को गिरफ्तार कर पीड़ितों को न्याय दिलाने की प्रक्रिया में अपनी भूमिका निभाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *