भीलवाड़ा जिले में अवैध गार्नेट और बजरी खनन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने बीते 48 घंटों में अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर जेसीबी मशीन, डंपर, ट्रैक्टर-ट्रॉली और सेपरेटर मशीनों सहित कुल 15 मशीन-वाहन जब्त किए हैं। इस दौरान 7 प्रकरण दर्ज कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य संलिप्त लोगों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। डंपर, जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कार्रवाई एसपी धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में की गई। कोटड़ी थाना प्रभारी महावीर प्रसाद के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीमों ने नदी क्षेत्र और सरकारी भूमि पर चल रहे अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने अवैध खनन में लिप्त 1 डंपर, 1 जेसीबी मशीन और 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके से जब्त किया। वहीं, उदलियास क्षेत्र की सरकारी भूमि पर चल रही अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए 3 सेपरेटर मशीनें भी कब्जे में ली गईं। कोठारी नदी और सातोला का खेड़ा में भी एक्शन इसके अलावा पुलिस टीमों ने कोठारी नदी क्षेत्र और सातोला का खेड़ा में दबिश देकर बजरी से लदी 7 ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ीं। इन सभी मामलों में संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। अवैध खनन पर पड़ा बड़ा असर लगातार की गई इस कार्रवाई से अवैध खनन में लगे माफियाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध खनन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।


