जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइजर इंटरप्राइजेज में कार्यरत खलासी मंटू यादव की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा टाटा मोटर्स गेट के समीप हुआ, जहां एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि मंटू यादव को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। सिर पर चढ़ गया वाहन का पहिया प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंटू यादव पैदल सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन का पहिया उनके सिर पर चढ़ गया, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की भयावहता को देखकर वहां मौजूद लोग सहम गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वाहन की गति काफी तेज थी और चालक ने न तो ब्रेक लगाया और न ही रुकने की कोशिश की। घटना के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा मृतक के साथ कार्यरत ट्रक चालक प्रमोद चौबे ने बताया कि टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन दुर्घटना के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना टेल्को थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है, ताकि फरार वाहन और चालक का पता लगाया जा सके। बिहार का रहने वाला था मृतक बताया जा रहा है कि मंटू यादव मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे और जमशेदपुर में रहकर साइजर इंटरप्राइजेज में खलासी का काम करते थे। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिचित और सहकर्मी अस्पताल और थाना पहुंचे। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश शुरू कर दी है। टेल्को थाना पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर ली जाएगी। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोग तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की मांग कर रहे हैं।


