पाली जिले की दो बेटियों ने अलग-अलग खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन कर जिले की पहचान बढ़ाई। पाली शहर की 8 साल की नीलांजना चौधरी ने चेन्नई में 200 मीटर रेस में ब्रॉन्ज मेडल जीता। सोजत रोड की भावना चौहान मणिपुर में आयोजित 19 साल आयु वर्ग में नेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट में राजस्थान टीम की तरफ से हिस्सा लिया। दोनों खिलाड़ियों के पाली और सोजत रोड पहुंचने पर खेल प्रेमियों और स्कूल स्टाफ ने बैंड-बाजे के साथ स्वागत किया।
चेन्नई में स्पीड स्केटिंग, नीलांजना का पदक प्रदर्शन चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम के स्केटिंग रिंक में स्पीड स्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तहत 25वीं राष्ट्रीय स्पीड स्केटिंग चैम्पियनशिप 2025-26 हुई थी। इस प्रतियोगिता में पाली के बापूनगर निवासी 8 साल की नीलांजना चौधरी, पिता मनीष चौधरी, ने 200 मीटर रेस और रिले रेस में भाग लिया। 200 मीटर रेस में नीलांजना ने ब्रॉन्ज मेडल जीता, जबकि रिले रेस में टीम के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया। फेडरेशन के अनुसार विजेता खिलाड़ियों को आगे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। मणिपुर से लौटीं भावना, स्कूल में सम्मान सोजत रोड के श्रीमति सुआदेवी गंगाविशन लढ्ढा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल की स्टूडेंट भावना चौहान ने 19 साल आयु वर्ग की राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में राजस्थान टीम से खेला। यह प्रतियोगिता मणिपुर के इम्फाल में हुई। सोजत रोड लौटने पर भावना का स्कूल स्टाफ, क्लासमेट और खेल प्रेमियों ने माला पहनाकर, पुष्प वर्षा और बैंड-बाजे के साथ स्वागत किया। स्कूल की प्रधानाचार्य अर्चना चौहान ने कहा कि भावना की उपलब्धि से पूरा स्कूल परिवार गौरवान्वित है।
कोच और प्रशिक्षकों को दिया श्रेय राष्ट्रीय खिलाड़ी भावना चौहान ने अपनी सफलता का श्रेय शारीरिक शिक्षक महेन्द्र चौधरी और पूर्व राजस्थान प्रशिक्षक दाऊलाल त्रिवेदी को दिया। इस मौके पर सूर्यप्रकाश लढ्ढा, आलोक लढ्ढा, अनिल व्यास, डॉ वासुदेव सांखला, ओमप्रकाश जोशी, वरिष्ठ नागरिक समिति सोजत रोड, एसएलसी क्लब, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के सदस्य मौजूद रहे। पाली पहुंचने पर दोनों खिलाड़ियों का स्वागत नीलांजना चौधरी और भावना चौहान के पाली जिले में पहुंचने पर खेल प्रेमियों ने स्वागत कर उनके प्रदर्शन की सराहना की। दोनों बेटियों की उपलब्धियों को जिले के लिए प्रेरणादायक बताया गया।


