एसईसीएल की कटकोना खदान में 3300 वोल्ट की कॉपर केबल चुराने वाले चार और 2 खरीदार को गिरफ्तार किया है। 13 जनवरी को कटकोना क्षेत्र में पदस्थ विद्युत यांत्रिकी अभियंता मनोज बेलदार (35) पिता राजेश कुमार बेलदार ने पटना थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में बताया था कि 12 जनवरी रात 1 से 2 बजे के बीच कटकोना खदान से कटोरा साइडिंग तक लगे 3300 वोल्ट डबल आर्म्ड कॉपर केबल लगभग 100 मीटर काटकर चोर ले गए, जिसकी कीमत 50 रुपए आंकी गई। सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की और विद्युत अधिनियम 2003 की संशोधित धारा 136 भी जोड़ी। जांच के दौरान पुलिस को ग्राम बरदिया निवासी धर्मेन्द्र, देवकुमार, प्रदुम प्रकाश प्रजापति, धनशेखर उर्फ गोविन्द, राहुल सिंह उर्फ राहुल गोंड, राजकुमार उर्फ छोटू खैरवार सहित अन्य आरोपियों की संलिप्तता का पता चला। पूछताछ में आरोपियों ने कहा कि उन्होंने पहले गोबरी नाला के पास पावर सप्लाई बंद की, जिससे किसी को शक न हो, फिर कटर की मदद से केबल काटकर चोरी की। चोरी िकए गए केबल को बैकुंठपुर के नरेंद्र प्रसाद गुप्ता को 650 रुपए प्रति किलो की दर से बेचा, जिसने आगे उसे बचरा पोड़ी निवासी सुजीत ताम्रकार को बेच दिया। केबल चोरी की घटना से खदान प्रबंधन और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को नुकसान पहुंचा। कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रही।


