छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मंलगवार को कुत्ते को बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार कार पलट गई। हादसे में व्यापारी की मौत हो गई। जबकि पत्नी और 2 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद गाड़ी का शीशा तोड़कर अंदर फंसे घायलों को निकाला गया। मामला डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र का है। वहीं, कोरबा में ट्रेलर और प्याज से लदे ट्रक की टक्कर हो गई। ट्रक का ड्राइवर केबिन में फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेलर ड्राइवर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया है। जहां उसका इलाज जारी है। घटना उरगा थाना क्षेत्र की है। बलरामपुर में सरिया से लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। ड्राइवर सरिया लेकर कॉलेज के निर्माणाधीन स्थल की ओर जा रहा था। यह घटना बलरामपुर कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पहली घटना बालोद की, तेज रफ्तार कार पलटी पहली घटना बालोद के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र की है। जहां तेज रफ्तार कार कुत्ते को बचाने के चक्कर में पलट गई। दरअसल, भूपेंद्र गुप्ता (42) देवरी पासौद के रहने वाले थे और किराना दुकान चलाते थे। जबकि पत्नी मुक्त गुप्ता (37) राघोनावागांव स्थित सरकारी स्कूल में शिक्षिका के पद पर पदस्थ हैं। सोमवार को दंपती अपने दो बच्चों के साथ सोमवार को बालोद में एक परिजन के घर गए हुए थे। मंगलवार सुबह सभी घर देवरी पासौद लौट रहे थे। इस दौरान डौंडीलोहारा ब्लॉक मुख्यालय से 4 किमी दूर संबलपुर नर्सरी के पास सड़क पर एक कुत्ता आ गया। पति की मौके पर मौत कुत्ते को बचाने के चक्कर में कार बेकाबू हो गई और सड़क किनारे पलट गई। जिससे व्यापारी भूपेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पत्नी और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार लॉक हो गई। ऐसे में घायल अवस्था में मां और बच्चे कार में फंसे रहे। शीशा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला गया मौके पर पहुंचे राहगीरों और स्थानीय लोगों ने कार का शीशा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला और फौरन पास में अस्पताल पहुंचाया। जहां तीनों का घायलों का इलाज जारी है। इधर, घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। दूसरी घटना कोरबा की, केबिन में फंसा ड्राइवर दूसरी घटना कोरबा के उरगा थाना थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह कोरबा-चांपा मेन रोड पर ग्राम पंचायत पताढ़ी के पास ट्रेलर और प्याज से लदे ट्रक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में ट्रक का ड्राइवर घायल अवस्था में केबिन में फंसा रहा। जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। टोल नाका से राहत दल पहुंचा और गैस कटर की मदद से केबिन काटकर चालक को बाहर निकाला। रॉन्ग साइड से आ रहा था ट्रेलर वहीं, ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी और ट्रेलर रॉन्ग साइड से आ रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। वाहन मालिक को दी गई सूचना उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि घायल चालक अस्पताल में भर्ती है और मृतक चालक के वाहन मालिक को सूचना दी गई है। वाहन मालिक के आने के बाद मृतक के परिजनों को सूचित किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की पड़ताल जारी है। तीसरी घटना बलरामपुर की, ट्रैक्टर पलटा तीसरी घटना बलरामपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। जहां सरिया से लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। दरअसल, ग्राम अधौरा निवासी सागर कोड़ाकू (30) ट्रैक्टर से सरिया लेकर कॉलेज के निर्माणाधीन स्थल की ओर जा रहा था। ऑफिसर्स क्लब के पास सड़क किनारे स्थित एक तालाब के पास ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से फिसलकर तालाब में जा गिरा और पलट गया। हादसे के दौरान ड्राइवर सागर ट्रैक्टर के नीचे दब गया और पानी में डूबने के कारण उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।


