लुधियाना के बुड्ढे नाले में मिला अज्ञात शव:पहचान नहीं हुई, 10-12 दिन पहले मौत, मृतक की उम्र 30-35 साल के बीच

लुधियाना के बुड्ढे नाले में चांद सिनेमा के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। सुबह नाले के किनारे से गुजर रहे राहगीरों ने शव को पानी में तैरता देखा, जिसके बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 4 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकाला और प्राथमिक जांच के बाद सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया। शव काफी खराब हालत में था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। थाना डिवीजन नंबर 4 के एसएचओ गुरजीत सिंह ने बताया कि शव लगभग 10 से 12 दिन पुराना प्रतीत होता है और संभवतः पानी के साथ बहकर किसी अन्य इलाके से यहां पहुंचा है। मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है, लेकिन उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। एसएचओ गुरजीत सिंह के अनुसार, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। नाले के किनारे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि शव के बहकर आने का मार्ग पता चल सके। इसके अतिरिक्त, आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों का पता लगने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के इलाके में कोई व्यक्ति लंबे समय से लापता है या शव की पहचान से संबंधित कोई जानकारी है, तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *