सिरोही जिले के शिवगंज कस्बे में एक बेकाबू ट्रेलर ने पहले अस्पताल की दीवार को टक्कर मारी और फिर एक बिजली के पोल को गिरा दिया। इस घटना से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि कोई गंभीर हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार ट्रेलर ने नगर पालिका के सामने स्थित अस्पताल की दीवार को जोरदार टक्कर मारकर तोड़ दिया। इसके बाद, उसने बिजली के पोल को भी धराशाई कर दिया, जिससे पोल टूटकर सड़क पर गिर गया और बिजली के तार फैल गए। गनीमत रही कि तार टूटते ही बिजली की आपूर्ति बंद हो गई। नगर पालिका क्षेत्र में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है। इसके बावजूद, यह ट्रेलर शिवगंज के व्यस्ततम मार्ग पर पहुंच गया और बेकाबू हो गया।
हादसे के बाद ड्राइवर वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना के शाम तक ट्रेलर वहीं खड़ा रहा, जिससे आवागमन काफी प्रभावित हुआ। इस दौरान कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा और न ही कोई सख्त कार्रवाई की गई। इस घटना को लेकर क्षेत्र के निवासियों और व्यापारियों में भारी आक्रोश है। वे इस बात पर सवाल उठा रहे हैं कि मुख्य बाजार क्षेत्र में ट्रेलर कैसे घुस गया।


