करौली के सपोटरा क्षेत्र स्थित कालीसिल बांध में डूबे एक 65 वर्षीय बुजुर्ग हरिमोहन मीणा का शव मंगलवार को बरामद कर लिया गया। सोमवार से लापता हरिमोहन की तलाश में प्रशासन द्वारा रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा था। कैलादेवी थाना अधिकारी रामावतार ने बताया कि सोमवार को हरिमोहन मीणा के लापता होने की सूचना मिली थी। बांध के किनारे उनके कपड़े और मोबाइल फोन मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंची और तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया। प्रारंभिक जांच में बांध किनारे मिले कपड़े और मोबाइल फोन पटपरी पंचायत अमरबाड़ सपोटरा निवासी हरिमोहन मीणा पुत्र कजोड़या मीणा के होने की पुष्टि हुई। इससे उनके बांध में गिरने और डूबने की आशंका गहरा गई थी। तलाशी के दौरान बांध क्षेत्र में पैरों के निशान भी मिले थे। रेस्क्यू अभियान के दौरान जलाशय में मगरमच्छों की मौजूदगी की सूचना मिली, जिससे बचाव कार्य में अतिरिक्त सतर्कता बरती गई। सुरक्षा कारणों से गोताखोरों द्वारा सीमित दायरे में ही तलाश की गई। अंधेरा होने के कारण सोमवार शाम को अभियान रोक दिया गया था। मंगलवार को सिविल डिफेंस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद हरिमोहन मीणा का शव बांध से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और फिर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। इस अभियान में पुलिस, सिविल डिफेंस और आपदा प्रबंधन टीम के साथ स्थानीय गोताखोरों ने भी सहयोग किया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


