सीकर जिला कारागृह में विचाराधीन 59 साल के कैदी की मौत हो गई। कैदी को साइलेंट अटैक आया। तबियत बिगड़ने पर जेल स्टाफ उसे लेकर अस्पताल पहुंचा। जहां कैदी को मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। सीकर जेल के सुप्रिटेंडेंट इंद्रकुमार के अनुसार मृतक का नाम फकरुद्दीन(59) पुत्र जियाउद्दीन निवासी पुराना वार्ड नंबर 38 मोहल्ला कुरैशियान,कुरैशियों की मस्जिद के पास है। आज बैरक खोलने के दौरान अचानक फकरुद्दीन को साइलेंट अटैक आया। इसके बाद उसकी तबियत बिगड़ने लगी। ऐसे में जेल में मौजूद मेडिकल स्टाफ को बुलाया गया। जिन्होंने फकरुद्दीन को एसके अस्पताल में रैफर कर दिया। वहां ले जाने पर डॉक्टर्स ने फकरुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। फकरुद्दीन के पहले कोई बीमारी नहीं थी। आज अचानक ही उसे साइलेंट अटैक आया था। आरोपी फकरुद्दीन सीकर के गोकुलपुरा पुलिस थाने के मुकदमा संख्या 177/2025 में जेल में विचाराधीन कैदी था। गोकुलपुरा पुलिस थाना SHO प्रीति बेनीवाल के अनुसार 24 अक्टूबर को सुरेंद्र सिंह ढाका ने मुकदमा दर्ज करवाया था कि उनकी सीकर के गांव देवीपुरा में करोड़ों रुपए कीमत की जमीन थी। इसके कुछ लोगों ने फर्जी डॉक्यूमेंट बनाकर हड़पने और रंगदारी वसूलने की कोशिश की। इस मामले में फकरुद्दीन और उसके भाई भाउद्दीन को 25 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद से फकरुद्दीन और भाउद्दीन दोनों जेल में अलग-अलग बैरक में बंद थे।


