डूंगरपुर में चाकू मारकर छोटे भाई की हत्या:बड़ा भाई, भाभी और भतीजी गिरफ्तार; एक नाबालिग को किया डिटेन

दोवड़ा थाना पुलिस ने छोटे भाई की हत्या के आरोप में बड़े भाई, भाभी और भतीजी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने आपसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया था। यह घटना 30 जनवरी को पाल कोलखंडा में हुई थी। पाल कोलखंडा निवासी हितेश परमार ने पुलिस में मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट के मुताबिक हरीश परमार और उसके परिवार के सदस्यों ने मिलकर अपने छोटे भाई देवीलाल के पेट में चाकू घोंप दिया था। हमले में देवीलाल गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया था। आरोपियों ने हितेश परमार पर भी चाकू से हमला किया था। घायल देवीलाल को डूंगरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। दोवड़ा थाने के थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार ने बताया कि जांच के बाद पुलिस ने बड़े भाई हरीश परमार (43), भाभी चंदू देवी परमार और भतीजी अंजना परमार (23) को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी पाल कोलखंडा के निवासी हैं। इसके अतिरिक्त एक नाबालिग को भी इस मामले में डिटेन किया गया है। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *