गैस गीजर ने छीन ली परिवार की ‘रौनक’:रिश्तेदार की सभा में आई थी ; नहाते समय गैस गीजर से निकलने वाली गैस से मौत, 13 महीने पहले हुई थी रौनक की शादी

डीडवाना–कुचामन जिले के नावा में मंगलवार दोपहर बाथरूम में नहाते समय गैस गीजर से निकली जहरीली गैस के कारण एक 20 वर्षीय विवाहिता की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार, अजमेर निवासी रौनक चौहान अपने पति अंकित के रिश्तेदार के निधन पर शोक सभा में शामिल होने नावा आई हुई थी। दोपहर में वह नहाने के लिए बाथरूम में गई, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं निकली। परिजनों को चिंता हुई तो उन्होंने दरवाजा खटखटाया, पर अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जब दरवाजा खोला गया तो रौनक बेहोशी की हालत में बाथरूम में गिरी पड़ी मिली। घबराए परिजन तुरंत उसे नावा के उप जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक रूप से आशंका जताई जा रही है कि बंद बाथरूम में गैस गीजर से निकली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस के कारण दम घुटने से यह हादसा हुआ।

रौनक की शादी 25 दिसंबर 2024 को अंकित से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही उनके घर एक नन्ही बेटी का जन्म हुआ, जो अभी मात्र तीन माह की है। मासूम बच्ची के सिर से इतनी कम उम्र में मां का साया उठ जाना हर किसी की आंखें नम कर रहा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं रिश्तेदार और परिचित इस दुखद घटना पर स्तब्ध हैं। यह हादसा एक बार फिर घरों में लगे गैस गीजर की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। विशेषज्ञों के अनुसार, बिना वेंटिलेशन वाले बाथरूम में गैस गीजर का उपयोग बेहद खतरनाक हो सकता है। थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। खबर लिखे जाने तक पुलिस में मामला दर्ज नहीं हुआ था, लेकिन घटना के बाद क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *