स्कूल में झगड़े के बाद छात्रा ICU में भर्ती:14 वर्षीय बच्ची का पेट का ऑपरेशन, पुलिस व चाइल्ड हेल्पलाइन जांच में जुटी

कोटा शहर के कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र में स्थित बीएसएन एकेडमी स्कूल में पढ़ने वाली एक छात्रा के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता 14 वर्षीय छात्रा है, जो कक्षा 8वीं में अध्ययनरत है और बीएसएन एकेडमी, लक्ष्मण विहार कुन्हाड़ी में पढ़ती है। घटना के बाद छात्रा की हालत बिगड़ने पर उसे कोटा के एमबीएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है और डॉक्टरों को पेट का ऑपरेशन भी करना पड़ा। पीड़िता के पिता मुकेश कुमार ने बताया कि 27 जनवरी को उनकी बेटी सुबह स्कूल गई थी। स्कूल में वॉशरूम से लौटने के बाद उसकी सहपाठी के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी दौरान उसने उसके पेट में घूंसे मारे गए, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे चक्कर आ गया। छात्रा की सहेलियों ने तुरंत स्कूल प्रशासन को जानकारी दी और परिजनों को फोन कर सूचना दी गई। परिजन छात्रा को घर लेकर आए, लेकिन उसकी तबीयत लगातार खराब होती चली गई, जिसके बाद एमबीएस हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा। परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन की ओर से किसी भी तरह की मदद नहीं की जा रही। मामले को लेकर पीड़िता के पिता ने कुन्हाड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मामले की सूचना मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की टीम भी अस्पताल पहुंची। कोऑर्डिनेटर नरेश मीणा और काउंसलर महिमा पांचाल ने अस्पताल में भर्ती बालिका की स्वास्थ्य स्थिति का जायजा लिया और पूरे मामले से बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राजेंद्र राठौड़ को अवगत कराया गया है। बाल अधिकारिता विभाग के संरक्षण अधिकारी दिनेश शर्मा ने बताया कि बच्ची के हितों को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और आगे की कार्रवाई लगातार जारी है। बीएसएन एकेडमी के संचालक महावीर विजयवर्गीय ने बताया कि स्कूल में दो छात्राओं के बीच मस्ती-मजाक के दौरान आपसी झगड़ा हुआ था, जिससे छात्रा को चोट लगी। उन्होंने कहा कि घटना के दो दिन बाद बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्कूल प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि यदि आगे परिजनों को किसी भी प्रकार की आवश्यकता होगी, तो स्कूल हर संभव सहयोग करेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *