सीकर में 20-20 हजार के 2 ईनामी बदमाश गिरफ्तार:एक अपराधी जिले के मुख्य 10 अपराधियों में शामिल, खाटूश्यामजी दर्शन करने आए व्यापारी को किडनैप किया था

सीकर जिले की खाटूश्यामजी सदर थाना पुलिस ने अपहरण के मामले में फरार चल रहे 2 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों अपराधी जिले के लामियां गांव की पचार रोड पर अजमेर के व्यापारी अमित खंडेलवाल की किडनैपिंग में शामिल थे। SP प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि दोनों अपराधियों ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर अजमेर के व्यापारी को किडनैप कर मारपीट की थी।
खाटूश्यामजी सदर सीआई अमित नागोरा ने बताया कि 8 जुलाई 2025 को खाटूश्यामजी दर्शन करने आया अजमेर निवासी व्यापारी वापस लौट रहा था। इस दौरान लामियां गांव में बदमाशों ने व्यापारी की गाड़ी को रुकवाकर मारपीट की और किडनैप कर ले गए। गाड़ी में एक महिला भी सवार थी। बदमाशों ने महिला के साथ भी मारपीट की थी। इसके बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरु की। अब वारदात में शामिल 2 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले वारदात में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
सीआई अमित नागोरा ने बताया कि पुलिस लगातार आरोपियों का पीछा कर रही थी। काॅल डिटेल के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी। इसी बीच कांस्टेबल प्रभुदयाल और कांस्टेबल अशोक कुमार को मिली जानकारी और कांस्टेबल रोहिताश्व को मिले टेक्निकल इनपुट के आधार पर फरार चल रहे पीलवा निवासी बदमाश राजपाल जाखड़ और रेखाराम लोरा को अजमेर से गिरफ्तार किया गया। दोनों ही आरोपियों पर 20-20 हजार रुपए का ईनाम घोषित था। इनमें से राजपाल जाखड़ सीकर जिले के मुख्य 10 अपराधियों में शामिल है। पुलिस की कार्रवाई में खाटूश्यामजी सदर थाना पुलिस टीम सहित कांस्टेबल प्रभुदयाल, कांस्टेबल अशोक कुमार और कांस्टेबल रोहिताश्व का विशेष योगदान रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *