धालभूमगढ़| धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के एनएच-18 पर पूनसा के समीप सोमवार को एक साइकिल सवार वृद्ध अज्ञात वाहन की चपेट में आकर सड़क किनारे गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही सेवा ही धर्म ग्रुप के नौशाद अहमद, गुलशन कुमार, उत्तम सुराल, कन्हैया समेत अन्य सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल को बाइक से लादकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धालभूमगढ़ पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। घायल की पहचान चाकुलिया थाना क्षेत्र के कांटाबनी गांव निवासी 70 वर्षीय जागुन मांड़ी के रूप में हुई है। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार जागुन मांड़ी साइकिल से सोनाखून में अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे।


