ब्राह्मण लड़कियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप:अधिकवक्ताओं ने यूट्यूबर मनीष पटेल की शिकायत की; पुलिस बोली- कार्यवाही करेंगे

सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज की लड़कियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी लिखने के आरोप में रीवा के यूट्यूबर व कंटेंट क्रिएटर मनीष पटेल विवादों में घिर गए हैं। इस मामले को लेकर शहर के अधिवक्ताओं ने मंगलवार शाम सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायती आवेदन सौंपा और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अधिवक्ताओं का कहना है कि इस तरह की टिप्पणियां न सिर्फ समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि महिलाओं के सम्मान के खिलाफ भी हैं। आरोप है कि मनीष पटेल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए ब्राह्मण समाज की लड़कियों को लेकर आपत्तिजनक और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। यह पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर विरोध का अभियान तेज हो गया। विभिन्न सामाजिक संगठनों और आम लोगों ने भी इस टिप्पणी की निंदा करते हुए आरोपी पर कार्रवाई की मांग की है। अधिवक्ताओं ने थाने में दिए गए आवेदन में कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर समाज विशेष और महिलाओं को निशाना बनाना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की हरकत करने से पहले सोचे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो विरोध और तेज किया जाएगा। इस पूरे मामले पर सिविल लाइन थाना प्रभारी पुष्पेंद्र मिश्रा ने बताया कि शिकायत आवेदन के आधार पर मामले को जांच में लिया गया है। सोशल मीडिया पोस्ट की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल पोस्ट और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *