शाजापुर में एक विवाद सामने आया है, जहां द्रोणाचार्य अवॉर्ड से सम्मानित मलखंब प्रशिक्षक योगेश मालवीय पर कुछ खिलाड़ियों ने आरोप लगाए हैं। मामला उत्तराखंड में होने वाली 38वीं नेशनल गेम्स प्रतियोगिता से जुड़ा है। 12 जनवरी 2025 को भोपाल में मध्य प्रदेश की टीम के चयन ट्रायल हुए थे। इस दौरान कोच योगेश मालवीय न तो भोपाल में मौजूद थे और न ही चयन समिति का हिस्सा थे। हालांकि, उज्जैन और खाचरौद के कुछ खिलाड़ियों ने उन पर अपने पद और अवॉर्ड का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। इस मामले में शाजापुर के खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि विष्णेश सुगंधी, छाया भाटिया, दृष्टि तिवारी, राजनंदनी कहार, इन्द्रजीत नागर, पंकज गरगामा, सोनू मंडवलिया और पायल मंडवालिया सोशल मीडिया के जरिए योगेश मालवीय की छवि खराब कर रहे हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि योगेश मालवीय के खिलाफ लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं और इन खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री को झूठी जानकारी दी है। उन्होंने इन खिलाड़ियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


