इंदौर के गांधी हॉल में लगेगा ‘मनी मेला’:देख सकेंगे दुर्लभ सिक्के; वरिष्ठ विद्वान जीवन गौरव सम्मान से होंगे सम्मानित

इंदौर में 14 फरवरी से गांधी हॉल में मुद्रा उत्सव ‘मनी मेला-08’ आयोजित किया जाएगा, जहां लोगों को दुर्लभ मुद्राएं देखने को मिलेंगी। इस आयोजन में देश के कई विद्वान शामिल होंगे। मेले में वरिष्ठ विद्वानों को जीवन गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह आयोजन राष्ट्रीय मुद्रा परिषद, मुद्रा शोध न्यास, इंदौर न्यूमिस्मैटिक एवं फिलाटेलिक सोसाइटी, भार्गव ऑक्शन और पुरातत्व मुद्रा उत्सव द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। आयोजन से जुड़े मुद्रा शास्त्री गिरीश शर्मा आदित्य ने बताया कि गांधी हॉल में राष्ट्रीय स्तर का मुद्रा उत्सव ‘मनी मेला-08’ आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय इस समारोह में देश के प्रमुख विद्वान, इतिहासकार, पुरातत्ववेत्ता, मुद्रा संग्राहक, डाक टिकट संग्राहक और डीलर शामिल होंगे। वरिष्ठ विद्वानों को जीवन गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। उदीयमान और युवा संग्राहकों को मुद्रा रत्न सम्मान से नवाजा जाएगा। इंदौर के युवा संग्राहक विराज भार्गव द्वारा भार्गव ऑक्शन के माध्यम से दुर्लभ सिक्कों की खुली नीलामी 15 फरवरी की शाम 4 बजे की जाएगी। सांसद-मंत्री करेंगे शुभारंभ शर्मा ने बताया कि 14 फरवरी की सुबह 11 बजे मुद्रा उत्सव का शुभारंभ सांसद शंकर लालवानी और मंत्री तुलसी सिलावट द्वारा किया जाएगा। इस मौके पर महामंडलेश्वर राजनंद योगी भी विशेष रूप से शामिल होंगे। नागपुर के पुरातत्वविद और मुद्रा विद्वान अशोक सिंह ठाकुर तथा ठाकुर रणविजय सिंह प्रमुख अतिथि रहेंगे। उन्होंने बताया कि इंदौर के मुद्रा मनीषी डॉ. शशिकांत भट्ट, दाऊलाल जोहरी, लक्ष्मीकांत जैन और स्टैम्प संग्राहक रविंद्र नारायण पहलवान, मेजर डॉ. गुप्ता आदि को मुद्रा उत्सव की स्वागत समिति में मनोनीत किया गया है। आयोजन के प्रबंधन में ऋषिराज उपाध्याय, पुष्पेंद्र पारेख, शिवम चतुर्वेदी, राजेश शाह और आलोक खादीवाला प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे। मुद्रा उत्सव सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक निशुल्क रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *